सिराथू (कौशाम्बी)। सैनी कोतवाली के समीप बस स्टाप के पास सोमवार की शाम तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को रौंद दिया। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की शिनाख्त नहीं हो सकी थी।
सोमवार की शाम इलाहाबाद की ओर से एक बाइक पर सवार दो युवक सैनी की ओर आ रहे थे। बाइक जैसे ही सैनी बस स्टाप के पास पहुंची। एकाएक बाइक एक साइकिल सवार से भिड़ गई। साइकिल से टक्कर लगते ही बाइक सवार हाईवे पर गिर पड़े। इस दौरान इलाहाबाद की ओर से आ रहा तेज रफ्तार ट्रक दोनों युवकों को रौंदता हुआ निकल गया। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे के बाद हाईवे पर भारी भीड़ जमा होने से जाम लग गया। सैनी कोतवाल राकेश तिवारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। आनन-फानन दोनों शवों को कोतवाली ले जाया गया। मृतकों में एक युवक सफेद व दूसरा भगवा रंग की शर्ट पहने हुए था। देर रात तक शवों की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस ने दो ट्रक चालकों को हिरासत में ले लिया है। कोतवाल ने बताया कि मृतकों केे पास से एक मोबाइल नंबर मिला है। वह रामपुर हटवा निवासी कोटेदार फूलचंद्र का बताया जा रहा है। उधर फूलचंद्र ने मृतकों को पहचानने से इंकार कर दिया।