मंझनपुर/चायल (ब्यूरो)। दोआबा के अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में रविवार को स्वास्थ्य कर्मचारी सहित चार लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पतालों में भर्ती करा दिया गया है। सैनी कोतवाली क्षेत्र के सौरई बुजुर्ग निवासी नरोज कुमार पुत्र बाबूलाल की ससुराल सरसवां में है। रविवार सुबह वह भाई मिथलेश के साथ ससुराल जा रहा था। मंझनपुर में भाजपा कार्यालय के समीप सामने से आई बस ने उसकी बाइक में कट मार दिया। जिससे बाइक सवार सगे भाई गिरकर लहूलुहान हो गए।
इसी दर्मियान बस ने सड़क पार कर रहे जिला अस्पताल के एम्बुलेंस स्टॉफ खेमेन्द्र निवासी बिंदकी फतेहपुर को भी टक्कर मारकर घायल कर दिया। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, दूसरी ओर पिपरी कोतवाली क्षेत्र के भगवतपुर गांव का राज सोनकर पुत्र छेदीलाल रविवार सुबह किसी काम से बेगम बाजार जा रहा था। भगवतपुर तिराहे पर पहुंचते ही पीछे से आई पिकअप ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। जिससे वह घायल हो गया। दुर्घटना की जानकारी पाकर पहुंचे परिजनों ने घायल को नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, पिकअप चालक वाहन समेत फरार हो गया।