महेवाघाट कोतवाली क्षेत्र के अजरौली गांव के समीप बुधवार दोपहर ट्रक ने एक बाइक सवार महिला को कुचल दिया। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे से गुस्साए ग्रामीणों, परिजनों ने मंझनपुर-महेवाघाट मार्ग पर जाम लगा दिया। करीब दो घंटे बाद एसडीएम के आश्वासन पर जाम खत्म हो सका।
अजरौली निवासी सुमित्रा देवी (35) पत्नी विजई सरोज बुधवार दोपहर भतीजे राकेश के साथ एक कार्यक्रम मंे बाइक से मंझनपुर जा रही थी। गांव की मुख्य सड़क पर पहुंचते ही पीछे से आए एक ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार चाची-भतीजा गिर गए। इस दौरान ट्रक सुमित्रा को कुचलते हुए गुजर गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे से गुस्साए परिजनों व ग्रामीणों ने मंझनपुर-महेवाघाट पर शव रखकर जाम लगा दिया। वह आर्थिक मदद की मांग कर रहे थे। करीब दो घंटे बाद सूचना पाकर पहुंचे सदर एसडीएम अश्विनी कुमार श्रीवास्तव ने लोगों को समझाकर जाम खत्म कराया। इसके बाद मार्ग बहाल हो सका। जाम के दौरान राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। इलाकाई लोग तो लिंक मार्ग से होकर गुजर गए। पीड़ित परिवार के सदस्यों की रो-रोकर हालत खराब है। एसडीएम ने बताया कि पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद दिलाने की कोशिश की जाएगी।