सिराथू। सोमवार को एक मालवाहक रेलवे फाटक से टकराया गया। इससे फाटक क्षतिग्रस्त हो गया। फाटक को ठीक करने में तकरीबन डेढ़ घंटे लग गए। इस दौरान फाटक के दोनो ओर जाम लगा रहा। इससे लोगाें को तमाम दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वहीं चौरीचौरा ट्रेन पांच मिनट विलंब से रवाना हुई।
सिराथू कस्बे में हाईटेक फाटक लगे हुए हैं। इलेक्ट्रानिक सिस्टम से संचालित होने कारण काफी हल्के फाटक जरा सी टक्कर पर टूट जाते हैं। सोमवार की सुबह करीब 10.35 बजे को धाता की ओर से माल लादकर आ रहा एक मालवाहक फाटक से टकराया गया। इसके चलते फाटक क्षतिग्रस्त हो गया। इससे अफरातफरी मच गई। रेल कर्मचारियों ने किसी तरह रास्ता जाम कर दिया। जिससे ट्रेन संचालन में दिक्क्तत न पैदा हो सके। इसके बाद फाटक की मरम्मत का काम शुरू हुआ। करीब 12 बजे फाटक दुरस्त किया गया। इस दौरान धीमी गति से ट्रेनों को गुजारा गया। फाटक क्षतिग्रस्त होने से दोनों तरफ वाहनों का आवागमन रुक गया। इसके चलते कड़ी धूप और जाम में फंसे राहगीर बेहाल हो गए। चेयरमैन राजेंद्र कुमार यादव का कहना है कि आए दिन फाटक पर किसी ने किसी वजह से जाम लगा रहता है। कई बार जाम से निजात दिलाने के लिए प्रयास किया गया, लेकिन प्रशासनिक उपेक्षा के चलते समस्या का हल नहीं हो पा रहा है।