यमुना नदी में डूबने से एक बच्चे और एक महिला की मौत हो गई। पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं परिजनों ने बालक के शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया। पिता के आने के बाद उसका अंतिम संस्कार शनिवार को किया जाएगा।
सरायअकिल थाना क्षेत्र के मल्हीपुर गांव निवासिनी तेसिया देवी (55) पत्नी मुन्नू लाल शुक्रवार सुबह घर से जानवरों को चराने के लिए यमुना नदी के किनारे गई थी। जानवरों को छोड़कर वह एक टीले पर बैठ गई। अचानक टीला धंस जाने से वह यमुना नदी में गिरकर डूब गई। परिजनों ने पुलिस को हादसे की सूचना देने के बाद शव को बाहर निकलवाने का प्रयास किया, लेकिन असफल रहे। थोड़ी देर बाद पुलिस ने गोताखोराें को लगाया। करीब दो घंटे बाद शव को निकाला जा सका। वहीं दूसरी ओर कौशाम्बी थाना क्षेत्र के कोसम इनाम गांव निवासी नानबाबू का करीब 6 वर्षीय बेेटा आरिफ शुक्रवार दोपहर खेलते-खेलते यमुना नही के किनारे चला गया और पैर फिसलने से नदी में डूब गया। लोगों ने हादसे की सूचना परिजनों को दी। परिजन रोते बिलखते मौके पर पहुंचे और बच्चे के शव को निकालने की कोशिश जारी कर दी। काफी देर बाद बच्चे के शव को नदी से निकाला गया। बच्चे के शव को देखकर परिजनों में कोहराम मच गया।