पिपरी और सैनी इलाके में शनिवार को अलग-अलग स्थानों पर मार्ग दुर्घटनाओं में चार लोग जख्मी हो गए। सभी को नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सैनी के समीप हाईवे पर शनिवार सुबह बाइक सवार को बचाने के चक्कर में एक कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। कार सवार तीन महिलाएं जख्मी हो गई।
सरायअकिल निवासी भारत सिंह शनिवार सुबह भाई संजय को बाइक से लेकर दवा कराने के लिए इलाहाबाद जा रहा था। वह फन गांव के समीप सड़क किनारे खड़े मवेशी से टकरा गया। इससे दोनों को गंभीर चोटें आई है। इसी तरह सैनी कोतवाली के हिसामपुर गांव निवासी राजेन्द्र कुमार शाम बाइक से हंसराज के साथ सैनी जा रहा था। दिलावरपुर गांव के समीप ट्रक की टक्कर लगने से दोनों घायल हो गए। सभी घायलों को पुलिस ने नजदीक के अस्पताल में भर्ती करा दिया है। वहीं कानपुर के सुभाष नगर मोहल्ला निवासी रमेश सिंह शुक्रवार सुबह परिवार के साथ वाराणसी में एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए जा रहे थे। मार्ग दुर्घटना में कार सवार गीता देवी पत्नी रमेश कुमार, अनूपा देवी पत्नी महेश कुमार और स्वेता देवी जख्मी हो गईं। स्थानीय लोगों ने हादसे की जानकारी पुलिस को दी और घायलों को नजदीक के अस्पताल में भर्ती करा दिया है।