सकाढ़ा गांव के समीप हाईवे पर शुक्रवार रात बेकाबू रोडवेज बस ने बाइक सवार युवकों को कुचल दिया। हादसे में दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। रात दोनों मूरतगंज एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए फतेहपुर के यशोथर गांव से आए थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बस चालक को हिरासत में लेते हुए घटना की जानकारी परिजनों को दी। हादसे में हुई युवकों की मौत से परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है। वहीं सैनी कोतवाली क्षेत्र में एक किशोर को ट्रक ने रौंद दिया।
फतेहपुर जिले के यशोथर गांव निवासी चंदन सिंह (20) पुत्र रामानंद सिंह शुक्रवार की रात साथी प्रदीप कुमार (30) पुत्र सुरेश के साथ बाइक से मूरतगंज एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए जा रहा था। कोखराज के सकाढ़ा गांव के समीप कानपुर की ओर से आई तेज रफ्तार रोडवेज बस बाइक में टक्कर मारने के बाद दोनों को कुचल दिया। हादसे में दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा देख गांव के लोग घटना की जानकारी पुलिस को देते हुए मौके पर पहुंचे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बस चालक को हिरासत में लेते हुए हादसे की जानकारी मृतक के परिजनों को दी। बेटों के मौत की खबर सुनते ही घर परिवार के लोग रोते-बिलखते घटनास्थल पर पहुंचे। जांच-पड़ताल के बाद पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे में युवकाें की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
वहीं सैनी कोतवाली के गुलामीपुर बाजार में शनिवार की शाम को सब्जी खरीदने आए एक साइकिल सवार किशोर को ट्रक ने रौंद दिया। हादसे में किशोर की मौके पर ही मौत हो गई है। गनपा गांव निवासी बृजेश (15) पुत्र हरीलाल शनिवार को गुलामीपुर बाजार में साइकिल से सब्जी खरीदने गया था। शाम करीब सात बजे वह बाजार से घर लौट रहा था। इसी दौरान इलाहाबाद से कानपुर की ओर जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसे रौंद दिया। हादसे में बृजेश की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।