सैनी के रघवापुर गांव के समीप मंगलवार की रात हुए मार्ग हादसे में दो युवक की मौत हो गई। जबकि दो युवकों की हालत नाजुक बनी हुई है। उन्हें एसआरएन हास्पिटल इलाहाबाद में भर्ती कराया गया है। तीनों युवक एक ही मोटरसाइकिल से रिश्तेदार के घर से वापस लौट रहे थे, तभी सामने आई एक अन्य बाइक से उनकी टक्कर हो गई थी। सैनी कोतवाली क्षेत्र के मधवामई गांव निवासी उमेश कुमार मौर्य (32) पुत्र लखनलाल मंगलवार की शाम अपने रिश्तेदार राजाराम पुत्र श्रीपाल निवासी नूरपुर और राकेश कुमार (35) पुत्र राम आसरे के साथ बाइक से रिश्तेदार के घर बदलेपुर (कोखराज) गया था। रात करीब 9 बजे तीनों घर लौट रहे थे। इस दौरान जैसे ही उनकी मोटरसाइकिल रघवापुर गांव के समीप पहुंची। सामने से आ रही एक अन्य बाइक से जोरदार टक्कर हो गई।
बाइकों की आमने-सामने हुई भिड़ंत में उमेश कुमार, राजाराम और राकेश कुमार गंभीररूप से घायल हो गया। दूसरी बाइक में सवार युवक राजेंद्र प्रसाद (22) पुत्र भुल्लन निवासी अचाकापुर भी गंभीररूप से जख्मी हो गया। उधर, हादसे की भनक लगते ही मौके पर गांववालों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची इलाकाई पुलिस ने खून से लथपथ सड़क पर पड़े चारों युवकों को एम्बुलेंस मंगाकर जिला अस्पताल भेजा। जहां इनकी हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद एसआरएन हास्पिटल इलाहाबाद रेफर कर दिया था। परिजनों तीनों को लेकर इलाहाबाद गए। जहां इलाज के दौरान देर रात उमेश कुमार और राकेश कुमार की सांसें थम गई। जबकि राजाराम और राजेंद्र कुमार की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे में दो युवकों की मौत से घर-परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।