मंझनपुर-करारी मार्ग पर बैरागीपुर गांव के समीप बृहस्पतिवार को तेज रफ्तार टैंकर सामने से आ रही कार से टकरा गया। दुर्घटना में कार चालक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा भिड़ा। दुर्घटना देख आस-पास मौजूद लोग भागकर मौके पर पहुंचे। घटना की जानकारी पुलिस को देते हुए ग्रामीणों ने टैंकर चालक को दौड़ाकर धर दबोचा। पुलिस ने चालक को वाहन समेत हिरासत में लेते हुए घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती करा दिया है।
फतेहपुर जिले के अशोथर गांव निवासी विमलेश सिंह पुत्र केदारनाथ बुधवार की शाम आल्टो कार से पत्नी सुषमा देवी और पड़ोसी नग्गू पुत्र राम नरेश के साथ इलाहाबाद गया था। बृहस्पतिवार की सुबह वह कार से घर लौट रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो सरायअकिल के बैरागीपुर गांव के समीप सामने से आ रहा टैंकर कार से भिड़ गया। टक्कर में कार चालक अनियंत्रित होते हुए बिजली के पोल से टकरा गया। दुर्घटना में दंपती समेत कार सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। आस-पास मौजूद लोग भागकर मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी देते हुए टैंकर चालक को धर दबोचा। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेते हुए घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।