कुंआ से युवती का शव निकालती फायर ब्रिगेड की टीम व पुलिसकर्मी। संवाद
पिपरी कोतवाली क्षेत्र के नूरपुर हाजीपुर गांव में सोमवार सुबह पानी भरने गई एक युवती का पैर फिसल गया और वह गहरे कुएं में गिर गई। पानी में डूबने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद शव को कुएं से बाहर निकलवाया। युवती की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
नूरपुर हाजीपुर गांव निवासी रामतीरथ रंगाई-पुताई का काम करते हैं। उन्होंने बताया कि सोमवार सुबह करीब आठ बजे उनकी दूसरे नंबर की बेटी रंजना (20) घर के पास शिव मंदिर के समीप स्थित कुएं से पीने का पानी भरने गई थी। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से वह कुएं में गिर गई।
कुआं अधिक गहरा होने के कारण वह पानी में डूब गई, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने कुएं में उतरकर युवती को निकालने का प्रयास किया, लेकिन कुआं अधिक गहरा होने के कारण सफलता नहीं मिल सकी।
सूचना मिलने पर पिपरी पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद युवती के शव को कुएं से बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
युवती की मौत से परिवार में मातम छा गया है। उसके भाई संगमलाल, मंगल, राहुल और कौशल तथा छोटी बहन नथ्थी देवी व रुचि रो-रोकर बेहाल हैं।
थानाध्यक्ष विकास सिंह ने बताया कि युवती की कुएं में गिरने से मौत हुई है। परिजनों की ओर से किसी प्रकार का आरोप नहीं लगाया गया है।
कुंआ से युवती का शव निकालती फायर ब्रिगेड की टीम व पुलिसकर्मी। संवाद