चरवा कोतवाली के रतगहा गांव में मंगलवार देर रात एक युवक की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना के बाद युवक के परिजन उसे गंभीर हालत में सीएचसी ले गए। जहां जांच के बाद डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक प्रेम प्रसंग में युवक की हत्या करने की बात सामने आई है। मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक रतगहा गांव निवासी अंकुल (20) पुत्र राकेश कुमार का गांव के ही एक परिवार से करीबी संबंध थे। इस कारण अंकुल का उस परिवार में आना-जाना था। इसी दौरान परिवार के लोगों को पता चला कि युवक का उस परिवार की बेटी से प्रेम संबंध है।
युवक के परिजनों पुलिस को बताया कि इससे नाराज किशोरी के परिजन मंगलवार रात करीब 10 बजे अंकुल को बुलाकर अपने घर ले गए। वहां परिवार के लोगों ने धारदार हथियार से युवक के सिर, गर्दन, पेट व कमर पर कई वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। चीख-पुकार सुनकर लोगों को आता देख हमलावर भाग निकले।
परिजन गंभीर हालत में युवक को सीएचसी ले गए। जहां जांच के बाद डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस संबंध में सीओ अभिषेक सिंह ने बताया कि प्रेम प्रसंग में युवक की हत्या की बात सामने आई है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज घटना की जांच की जा रही है।