सरायअकिल कोतवाली क्षेत्र में बुधवार शाम सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। दो बाइक की आमने-सामने भिड़ंत के बाद युवक सड़क पर गिर गया और पीछे से आ रहे डंपर की चपेट में आ गया। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई।
गुरौली थाना कौशाम्बी निवासी आनंद कुमार (19) पुत्र सतीश कुमार फोटोग्राफी का काम करता था और पिता के काम में भी हाथ बंटाता था। वह अपने दोस्त राघवेंद्र के साथ कैमरा ठीक कराने सरायअकिल जा रहा था। मुलायमपुर के पास सामने से आ रही बाइक से उसकी बाइक की टक्कर हो गई। इससे दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए। आनंद पीछे से आ रहे डंपर की चपेट में आ गया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने तुरंत कनैली चौकी पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने 100 नंबर वाहन से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कौशाम्बी बारा भेजा, जहां डॉक्टरों ने आनंद को मृत घोषित कर दिया। राघवेंद्र का इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और डंपर की तलाश शुरू कर दी है।
आनंद दो भाइयों में बड़ा था। पिता सतीश राजगीर का काम करते हैं, जबकि छोटा भाई शिवम अभी नाबालिग है। पुलिस ने डंपर चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। वहीं, आनंद की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीखपुकार मच गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।