नगर कोतवाली के समदा गांव में मंगलवार शाम एक महिला को एक सांप ने डस लिया। परिजन झाड़-फूंक के चक्कर में पड़े रहे और महिला की जान चली गई।
समदा निवासी शिवकुमार की पत्नी गीता देवी (40) मंगलवार की शाम घर के अंदर साफ-सफाई कर रही थी। इसी दौरान सांप ने उसे काट लिया। इससे कुछ ही देर में उसकी हालत बिगड़ने लगी।
परिजन उसे अस्पताल ले जाने के बजाय पड़ोसी गांव कादीपुर में झाड़-फूंक कराने ले गए। इसके बाद भी हालत में सुधार नहीं हुआ तो घर वाले उसे मेडिकल कॉलेज ले गए, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने गीता का परीक्षण किया और उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, घटना के बाद से मृतका के सभी बच्चे बेटा हरिश्चंद्र (15), रामचंद्र (12) व दो साल की बच्ची बिलखती रही। वहीं चार माह की बेटी कभी रोतो तो कभी उसकी आंखें मां को खोजती दिखतीं।