सैनी क्षेत्र के निंदूरा गांव के समीप सोमवार रात पाइप लदा ट्रक अनियंत्रित होकर सर्विस लेन पर पलट गया। जख्मी चालक करीब आधा घंटा केबिन में फंसा रहा। इस बीच पुलिस ने पहुंचकर उसे बाहर निकाला और अस्पताल में भर्ती कराया।
झारखंड प्रांत के हजारीबाग जनपद अंतर्गत बरही बांसपट्टी निवासी अभय ट्रक चालक है। उसने बताया कि वह लोहे की पाइप लादकर कोलकाता से दिल्ली जा रहा था। सोमवार रात करीब 10 बजे वह जैसे ही निंदूरा गांव के समीप पहुंचा था, तभी उसका ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया। उसने संभालने का प्रयास किया, तब तक हाईवे किनारे लगे तार को तोड़ते हुए ट्रक सर्विस लेन पर आकर पलट गया। क्षतिग्रस्त ट्रक के केबिन में जख्मी हालत में अभय फंसा रहा।
उधर से गुजर रहे राहगीरों ने ट्रक पलटा देखा तो सूचना पुलिस को दी। लोगों की मदद से पुलिस ने उसे केबिन से बाहर निकाला और गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज ले जाकर भर्ती कराया। ट्रक को हटवाकर पुलिस ने सर्विस लेन पर लगे जाम को खत्म कराया। पुलिस ने ट्रांसपोर्ट मालिक और चालक अभय के घर वालों को हादसे की सूचना दी है।