कोखराज थाना क्षेत्र के टेढ़ीमोड़ ओवरब्रिज पर मंगलवार सुबह करीब नौ बजे अचानक एक ट्रैक्टर का पहिया निकल गया। इसके बाद अनियंत्रित हुए ट्रैक्टर को पीछे से आ रहे ट्रेलर ने टक्कर मार दी। हादसे में ट्रैक्टर पर बैठे मजदूर की मौत हो गई।
सैनी कोतवाली के सौंरई बुजुर्ग निवासी मनोज कुमार (32) मजदूर थे। मंगलवार को मनोज ट्रैक्टर की बोनट पर बैठकर सैनी से कोखराज जा रहे थे। तभी ट्रैक्टर का पहिया निकल गया और हादसा हो गया।
टक्कर इतनी तेज थी कि मनोज ट्रेलर की चपेट में आ गए। हादसे में ट्रैक्टर चालक काकू पटेल को भी चोटें आई हैं। जबकि ट्रेलर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
हादसे के बाद कुछ देर तक यातायात बाधित रहा। पुलिस ने क्रेन से वाहन हटवाकर रास्ता साफ कराया। मृतक के परिवार में पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं। मौत की सूचना मिलने पर परिजन बेसुध हो गए।