बुद्ध थीम पार्क का निरीक्षण करती जांच टीम। स्रोत : प्रशासन
- फोटो : महसी के बसौनामाफी में वन विभाग द्वारा पकड़ा गया बाघ।
कोसम इनाम में बुद्ध थीम पार्क के निर्माण कार्य की गुणवत्ता को परखने के लिए गठित त्रिस्तरीय जांच कमेटी ने रविवार को स्थलीय निरीक्षण कर जांच प्रक्रिया पूरी की। कमेटी ने निर्माण में उपयोग की गई सामग्री, कार्य की प्रगति और गुणवत्ता मानकों का बारीकी से परीक्षण किया। इस दौरान टीम को कुछ खामियां भी मिली।
14 जनवरी को डीएम डॉ. अमित पाल ने कोसम इनाम में बन रहे बुद्ध थीम पार्क, ट्यूरिस्ट फैसिलिटी सेंटर, गेट कॉम्प्लेक्स का औचक निरीक्षण किया था। इस दौरान कार्य में हो रही लेटलतीफी और व्यवस्थाओं में कमी पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी जताई थी। साथ ही त्रिस्तरीय जांच कमेटी का गठन किया गया था।
जांच कमेटी में एडीएम न्यायिक ओमप्रकाश, हरिवंश सिंह अधिशासी अभियंता प्रांतीय लोक निर्माण विभाग, सुजीत कुमार सिंह प्राचार्य ज्योतिबा फुले पालीटेक्निक ने रविवार को मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्यों का भौतिक सत्यापन किया और आवश्यक बिंदुओं पर जानकारी एकत्र की।
यह जांच रिपोर्ट डीएम को भेजी जाएगी। मौके पर सहायक परियोजना प्रबंधक राजेश कुमार वर्मा, प्रोजेक्ट मैनेजर संकल्प वर्मा व काम कर रहे ठेकेदार, इंजीनियर आदि मौजूद रहे।