सैनी कोतवाली के अजुहा कस्बा स्थित भोला चौराहा के समीप मंगलवार सुबह करीब पौने आठ बजे ट्राला में साइकिल लेकर किशोर फंस कर करीब सात मीटर तक घिसटता हुआ चला गया। जिससे उसकी मौत हो गई।
आक्रोशित परिजनों व कस्बावासियों ने हाईवे पर शव रखकर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंचे सीओ सिराथू सत्येंद्र तिवारी व थानाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह ने स्कूल प्रबंधन के साथ मिलकर समझाया, तब जाकर सवा घंटे बाद करीब सुबह सवा नौ बजे लोग हाईवे से हटे। पुलिस ने ट्राला को कब्जे में लेकर सीज कर दिया है।
क्षेत्र के परसीपुर निवासी दिनेश प्रजापति का इकलौता बेटा जिगर (13) कक्षा सात का छात्र था। वह मंगलवार सुबह साइकिल से धर्मा देवी इंटर कालेज पढ़ाई करने जा रहा था। दूसरी साइकिल से उसकी बहन राखी जा रही थी।
राखी ने बताया कि भोला चौराहा के समीप पहुंचकर उसने हाईवे पार की। जब भाई जिगर पार करने लगा, तभी कानपुर से प्रयागराज की ओर जा रहे ट्राला वाहन ने उसे कुचल दिया। इससे वह साइकिल सहित करीब सात मीटर तक घिसटता चला गया और मौके पर मौत हो गई।
हादसे के बाद चालक ट्राला छोड़कर भाग निकला। कस्बावासी भागकर मौके पर पहुंचे। जानकारी होने पर रोते-बिलखते परिजन भी आ गए। आक्रोशित लोगों ने हाईवे पर जाम लगा दिया। थानाध्यक्ष ने पहुंचकर समझाने का प्रयास किया तो वह डीएम व एसपी के बुलाने की मांग करने लगे।
वहीं, सीओ सिराथू सहित तहसीलदार अनंत राम अग्रवाल ने किसी तरह उन्हें समझाकर शांत कराया और कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया। सीओ सत्येंद्र तिवारी ने बताया कि ट्राला को सीज करते हुए कोतवाली भिजवाया गया है। चालक की तलाश की जा रही है।
जाम में फंसी एंबुलेंस, दूसरी से भेजा गया मरीज
जिगर की मौत से आक्रोशित लोगों ने हाईवे जाम कर दिया। जिस वजह से आवागमन बाधित हो गया। मेड़ीपुर से मरीज लेकर अस्पताल जा रही सरकारी एंबुलेंस भी जाम में आधा घंटा फंसी रही। इससे मरीज रेशमा की परेशानी बढ़ गई। उसे दूसरी एंबुलेंस से भिजवाया गया है।
....
स्कूल का पहला दिन ही बन गया काल
पिता दिनेश प्रजापति ने बताया कि वह राजमिस्त्री हैं। चार बेटियों समेत पांच बच्चों में जिगर इकलौता बेटा था। हाल ही में कक्षा सात में उसका एडमिशन धर्मा देवी इंटर कॉलेज में कराया था। मंगलवार को पहले दिन ही जिगर हादसे का शिकार हो गया। यह बताते हुए पिता बिलख पड़े।
आक्रोशित लोगों ने बताया कि हाईवे के अलावा सर्विस लेन पर फल व चाट के दुकानदारों के अलावा डग्गामार भी सवारियों के चक्कर में आड़ा तिरछा वाहन खड़ा कर देते हैं। जिससे हादसे होते हैं। पुलिस भी इसे नजरअंदाज करती है। वहीं, तहसीलदार ने अतिक्रमण हटवाने का आश्वासन दिया है।
-
डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण
हादसे में छात्र के मौत की जानकारी होने के बाद जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी व पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार एआरटीओ तारकेश्वर मल्ल के साथ अजुहा पहुंचे। घटनास्थल का निरीक्षण किया। डीएम ने एनएचएआई कर्मियों को बुलवाया। हाईवे व सर्विस लेन पर अतिक्रमण देख डीएम ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने एनएचएआई कर्मियों को निर्देशित किया कि रंबल स्ट्रिप, सीमेंटेड क्रॉस बैरियर व अन्य संकेतक बोर्ड व चिह्न चौराहे पर व्यवस्थित किया जाए। इस दौरान सर्विस लेन पर नापजोख भी कराई गई।