कोखराज क्षेत्र के बमरौली गांव में शनिवार को बीमारी से परेशान एक किशोरी ने फंदा लगाकर जान दे दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गांव के रामबली निर्मल मुंबई में कपड़ों की प्रेस करने का काम हैं। गांव में पत्नी प्रियंका देवी अपने बच्चों के साथ रहती हैं। शनिवार दोपहर बच्चों को खाना खिलाने के बाद प्रियंका खेत चली गईं। इसी दौरान उसकी 15 वर्षीय पुत्री श्वेता घर में फंदे पर झूल गई।
कुछ देर बाद छोटा भाई जब बहन को खोजता हुआ ऊपर गया तो उसे फंदे पर लटका देख चीख पड़ा। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों के अनुसार, श्वेता कई महीनों से बीमार थी और इलाज के बावजूद उसका स्वास्थ्य ठीक नहीं हो रहा था।