कनैली गांव में रविवार रात फायरिंग कर किए गए हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे दो वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी तेज करने के लिए पुलिस ने उन पर 15-15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण के निर्देश पर दोनों आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।
पुलिस के अनुसार, सराय अकिल थाने में दर्ज हत्या के प्रयास के मुकदमे से संबंधित वांछित आरोपी गुलशन कुमार त्रिपाठी और रोहित त्रिपाठी उर्फ पट्टर, निवासी कनैली फरार हैं। दोनों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक ने 15-15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।
पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों की तलाश में लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की है कि अगर किसी को इन आरोपियों के संबंध में कोई जानकारी मिले तो तत्काल नजदीकी पुलिस थाने या जनपद कंट्रोल रूम को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी गुलशन कुमार त्रिपाठी के खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में लूट, चोरी, हत्या के प्रयास, मारपीट के 16 मामले दर्ज हैं। वहीं रोहित त्रिपाठी उर्फ पट्टर के खिलाफ भी 14 एफआईआर दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दो टीमों की मदद से दबिश दे रही है।