मंझनपुर। सख्ती के बीच बृहस्पतिवार को दोनों पालियों में हाईस्कूल व इंटर की परीक्षाएं हुई। पहली पाली हाई स्कूल की खुदरा व्यापार व इंटर की संगीत गायन व वादन की परीक्षा हुई। दूसरी पाली में भौतिक विज्ञान की परीक्षा हुई। इस प्रश्नपत्र में एक सवाल कोर्स के बाहर का रहा।
पहली पाली में हाईस्कूल की खुदरा व्यापार की परीक्षा में पंजीकृत 13 छात्रों में आठ ने परीक्षा दी। वहीं इंटर संगीत गायन की परीक्षा में पंजीकृत 18 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। इंटर भौतिक विज्ञान की परीक्षा में पंजीकृत 16 हजार विद्यार्थियों ने 14,822 ने परीक्षा दी है। भौतिक विज्ञान के प्रवक्ता राकेश सिंह ने बताया कि प्रश्न तीन का च कोर्स के बाहर का प्रश्न रहा, जो अपेक्षाकृत कठिन था। एक ग प्रश्न में हाईड्रोजन परमाणु की दो उत्तरोत्तर कक्षाओं में इलेक्ट्रॉन के कोणीय संवेग का अंतर पूछा गया है, जो घुमाकर पूछा गया है। प्रश्न आठ बोधात्मक सवाल था, यह भी कठिन सवालों की श्रेणी में शामिल है। हालांकि परीक्षा देने वाले छात्रों ने प्रश्नपत्र को सामान्य बताया है।
भौतिक विज्ञान का प्रश्न पत्र ज्यादा कठिन नहीं था। एक-दो को छोड़कर अन्य सवाल आसानी से हल किए जा सकते थे।
- अरविंद कुमार, केसारी।
भौतिक विज्ञान की परीक्षा को लेकर जो डर था, वह परीक्षा के दौरान देखने को नहीं मिला। एक-दो सवालों को छोड़कर सभी को हल करने में सफलता मिली है।
- हिमांशी कुशवाहा, टेढ़ीमोड़