तहसील के मखऊ तिराहे पर ई-रिक्शा से मायके जा रही गर्भवती महिला ने सड़क किनारे बेटे को जन्म दे दिया। राहगीरों की सूझबूझ से आसपास मौजूद महिलाओं घेर कर सकुशल प्रसव करवाया। प्रसव के बाद आई पुलिस ने जच्चा-बच्चा को घर भेज दिया।
कसेंदा गांव निवासी एक महिला गर्भवती थी। शनिवार शाम वह ई-रिक्शा से अपने मायके प्रसव करवाने के लिए जा रही थी। इसी दौरान तिल्हापुुर मोड़ मखऊपुर तिराहे के समीप उसे प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। वह रिक्शा से उतरकर सड़क किनारे बैठ गई। इसी दौरान समाजसेवी नेपाल सिंह पटेल उधर से गुजर रहे थे। उन्होंने अपनी गाड़ी रोककर आसपास के खेतों में काम कर रही महिलाओं को बुलाया।
तभी उधर से गुजर रही डायल 112 पुलिस भी पहुंच गई। सड़क किनारे ही चादर लगाकर महिलाओं ने गर्भवती का प्रसव कराया। सड़क किनारे ही महिला ने बेटे को जन्म दिया। आरोप है कि सूचना के घंटों बाद भी एंबुलेंस नहीं पहुंच सकी। प्रसव के बाद पुलिस ने ई-रिक्शा में बिठाकर जच्चा-बच्चा को घर भेज दिया।