चरवा कस्बे के सरदार पटेल नगर (पहाड़पुर)में शनिवार शाम सर्पदंश से एक मासूम बच्चे की जान चली गई। पुलिस को सूचना दिए बिना घर वालों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया। पहाड़पुर निवासी आशुतोष तिवारी ने बताया कि रोजाना की तरह शनिवार को वह चायल तहसील प्रैक्टिस करने चले गए थे। उनकी पत्नी नेहा पांडेय अपने डेढ़ साल के बेटे आरव के साथ घर पर थीं। शाम चार बजे के करीब आरव घर के बाहर खेलने चला गया था।
आशंका है कि इसी दौरान सांप ने उसे काट लिया। बेटे की चीख सुनकर दौड़ी मां वहां सांप रेंगता देख दहल गईं। सांप गया तो कुछ देर में ही आरव की हालत बिगड़ने लगी। जानकारी मिलते ही घर आए आशुतोष बेटे को लेकर प्रयागराज स्थित एसआरएन अस्पताल पहुंचे। जहां परीक्षण के बाद चिकित्सकों ने उसे मृतक घोषित कर दिया। घटना के बाद से पीड़ित परिजनों की रो-रोकर हालत खराब है।