योगिनी एकादशी के मौके पर मां शीतला के दरबार में लगी भक्तों की भीड़। संवाद
51 शक्तिपीठों में शामिल मां शीतला धाम कड़ा में शुक्रवार को योगिनी एकादशी के अवसर पर आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह तड़के से ही हजारों श्रद्धालु कड़ा के विभिन्न घाटों पर गंगा स्नान करने पहुंचे। स्नान के बाद श्रद्धालु हाथों में नारियल, चुनरी, माला, फूल, प्रसाद, झंडा और निशान लेकर मां शीतला के दर्शन के लिए लंबी कतारों में घंटों इंतजार करते रहे।
श्रद्धालुओं ने मां शीतला के दरबार में विधिविधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। दिनभर मंदिर परिसर और आसपास का क्षेत्र श्रद्धालुओं की आवाजाही से गुलजार रहा।
भीड़ अधिक होने के कारण मंदिर प्रबंध समिति और पुलिस प्रशासन को व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार मशक्कत करनी पड़ी।
मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष आत्म प्रकाश पंडा ने बताया कि योगिनी एकादशी होने के कारण सामान्य दिनों की तुलना में श्रद्धालुओं की संख्या काफी अधिक रही। सभी श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्ण ढंग से दर्शन-पूजन किया।
कड़ा धाम थाना प्रभारी विनीत सिंह पुलिस बल के साथ पूरे मेला और मंदिर क्षेत्र का लगातार भ्रमण करते रहे। सुरक्षा व्यवस्था के साथ भीड़ नियंत्रण पर विशेष नजर रखी गई, जिससे दर्शन व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित होती रही।
योगिनी एकादशी के मौके पर मां शीतला के दरबार में लगी भक्तों की भीड़। संवाद