पुरुषोत्तम मास के अंतिम दिन और सोमवती अमावस्या पर 51 शक्तिपीठों में शामिल कड़ाधाम में सोमवार को आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। मंदिर प्रशासन के अनुसार, सोमवार को कड़ाधाम में करीब डेढ़ लाख श्रद्धालु गंगा स्नान और मां शीतला के दर्शन के लिए पहुंचे।
भोर से ही कुबरी घाट, कालेश्वर घाट, हनुमान घाट, बाजार घाट, वृंदावन घाट और असतपुर घाट पर हजारों श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित किया। गंगा स्नान के बाद श्रद्धालु मां शीतला के दर्शन के लिए मंदिर पहुंचे।
भीषण गर्मी के बावजूद श्रद्धालु हाथों में नारियल, चुनरी, माला, प्रसाद और निशान लेकर घंटों कतार में खड़े रहे। वाराणसी, प्रयागराज, भदोही, जौनपुर, सुल्तानपुर, अमेठी, प्रतापगढ़, रायबरेली, चित्रकूट, बांदा और कानपुर समेत प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु कड़ाधाम पहुंचे।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए कड़ाधाम थाना प्रभारी विनीत सिंह पुलिस बल के साथ पूरे मेला क्षेत्र में लगातार भ्रमण करते रहे। वहीं मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष आत्मप्रकाश पांडा स्वयंसेवकों के साथ व्यवस्थाओं में जुटे रहे।
पुरूषोत्तम मास के आखिरी दिन कड़ा के कालेश्वर घाट पर गंगा स्नान करते श्रद्वालु। संवाद
पुरूषोत्तम मास के आखिरी दिन कड़ा के कालेश्वर घाट पर गंगा स्नान करते श्रद्वालु। संवाद