बीवी के रहते दूसरी शादी रचाने जा रहा युवक पहुंचा हवालात
पहली पत्नी की शिकायत पर कोखराज पुलिस ने की कार्रवाई
कल्यानपुर। संतान नहीं होने से नाराज युवक ने पहली पत्नी से किनारा कर दूसरी शादी करने का फैसला कर लिया। छह महीने पहले युवक ने पहली पत्नी को मारपीट कर घर से निकाल दिया था। पति के मंसूबे की भनक लगने पर विवाहिता ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने दूसरी शादी रचाने जा रहे युवक को हिरासत में ले लिया है। पति-पत्नी के बीच सुलह कराने की कोशिश की जा रही है।
कोखराज कोतवाली के रसूलपुर गिरसा गांव के केशन लाल ने अपनी बेटी सरिता देवी की शादी करीब पांच साल पहले चमंधा गांव के किशनलाल के साथ की थी। शादी के बाद विवाहिता के बच्चे नहीं हुए। इसे लेकर ससुराल वाले किसी न किसी बात को लेकर उसे प्रताड़ित करने लगे। इस पर भी विवाहिता ने पति का साथ नहीं छोड़ा तो छह महीने पहले ससुरालियों ने उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया। इस दौरान सरिता मायके में रह रही थी। सरिता ने पुलिस को बताया कि उसके पति ने चरवा कोतवाली के रैयादेह माफी गांव की महिला से दूसरी शादी करने का फैसला किया है। उस महिला के पति ने उसे छोड़ दिया है। पहली पत्नी के होते हुए किशन दूसरी शादी कर रहा है। रिश्तेदारों से जानकारी होने पर उसने रविवार को भरवारी पुलिस चौकी में तहरीर दी। पुलिस ने आरोपित पति को हिरासत में ले लिया है। शाम तक पति-पत्नी के बीच सुलह कराने को लेकर पंचायत हो रही थी।