पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शवों की पहचान होने पर परिजनों को खबर दी। जांच के बाद पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। देर शाम तक किसी भी पक्ष ने पुलिस को तहरीर नहीं दी थी। कोतवाली प्रभारी बृजेश करवरिया ने बताया कि दोनों मृतकों के परिजन घटनास्थल पर नहीं पहुंचे हैं। ग्रामीणों की मदद से शव की पहचान की गई है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
दुपट्टे से एक-दूसरे का हाथ बांधने के बाद ट्रेन के सामने लगाई थी छलांग
प्रेमी युगल के आत्मघाती कदम उठाने को लेकर मृतकों के परिजन खामोश हैं। वह कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है। तरह-तरह की चर्चा हो रही हैं। मोहल्ले वाले बताते हैं कि दुपट्टे से एक-दूसरे का हाथ बांधने के बाद दोनों ने ट्रेन के सामने छलांग लगाई थी।
शनि को उमा के पिता ने भतीजी की सगाई में जाकर अपमानित किया था। इससे प्रेमी युगल नाराज थे। ग्रामीणों में चर्चा का विषय बनने पर उमा के पिता मिश्रीलाल ने तीन दिन पहले शनि को उसकी भतीजी की सगाई में जाकर बेइज्जत करते हुए बेटी से दूरी बनाने की हिदायत दी थी, साथ ही उमा का घर से बाहर निकलना भी बंद कर दिया था।
इसके बावजूद दोनों छिप-छिपकर मिलते रहे। इससे मिश्रीलाल खासा नाराज था। उधर, रिश्तेदारों के बीच हुए अपमान से शर्मसार शनि के घर वालों ने भी उस पर शिकंजा कस दिया था। ग्रामीणों में चर्चा है कि प्यार पर पहरा पड़ने से क्षुब्ध होकर प्रेमी युगल ने इस तरह का आत्मघाती कदम उठाया है। इश्क में फना होने के बीच कोई चूक नहीं हो, इसलिए मालगाड़ी के सामने कूदने से पहले उमा के दुपट्टे से दोनों ने एक-दूसरे का हाथ बांध लिया था।
एक मोहल्ले की युवती और युवक ने मालगाड़ी के सामने कूदकर खुदकुशी की है। परिजन अभी कुछ बताने की स्थिति में नहीं हैं। दोनों ने आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इस बाबत छानबीन कराई जा रही है। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर कार्रवाई की जाएगी। - बृजेश कुमार श्रीवास्तव, एसपी