बाइकों की भिड़ंत में महिला की मौत, तीन घायल
करारी कोतवाली क्षेत्र के म्योहर गांव के समीप बुधवार रात हुआ हादसा, कोहराम
अमर उजाला ब्यूरो
पिंडरा। करारी कोतवाली क्षेत्र के म्योहर गांव के समीप बुधवार रात बाइक सवारों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में घायल एक महिला ने प्रयागराज के निजी अस्पताल में दम तोड़ दिया। अन्य तीन घायलों का जिला अस्पताल में इलाया जा रहा है।
करारी कस्बा निवासी मनुदेव प्रसाद बुधवार रात अपनी पत्नी मंदाकिनी (48) के साथ बाइक से प्रयागराज जा रहा था। म्योहर गांव के समीप सामने से आए बाइक सवार से उसकी भिड़ंत हो गई। उस बाइक पर पश्चिमशरीरा निवासी सुरेश और मनमोहन सवार थे। टक्कर होते ही दोनों बाइक पर सवार सभी लोग गिरकर लहूलुहान हो गए। दुर्घटना देख मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने आननफानन में एम्बुलेंस की मदद से घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से प्राथमिक इलाज के बाद हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने मंदाकिनी को एसआरएन अस्पताल प्रयागराज रेफर कर दिया। पर, परिवार वालों ने एसआरएन के बजाए मंदाकिनी को शहर के प्राइवेट अस्पताल में दाखिल कराया। वहां उसकी सांसें थम गईं। मौत की मनहूस खबर घर पहुंचते ही कोहराम मच गया। पीड़ित परिजन दहाड़े मारकर रो पड़े। पीड़ितों को ढांढस बंधाने के लिए उनके घर पर पड़ोसियों की भीड़ जमा हो गई। अंतिम संस्कार के लिए परिजन मृतका के मुंबई में रहने वाले बेटे के आने का इंतजार कर रहे हैं।