कोखराज के परसरा गांव में मंगलवार भोर शौच के लिए तालाब की ओर गए किसान की डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ के बाद कानूनी औपचारिकता पूरी की।
परसरा निवासी 48 वर्षीय लल्लू खेती करता था। पत्नी बुधनी देवी ने बताया कि मंगलवार भोर उसकी नींद खुली तो पति लल्लू अपनी चारपाई पर नहीं थे। उन्होंने सोचा कि वह शौच के लिए गए होंगे। कई घंटे बाद भी न लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू कर दी। इस बीच कुछ लोगों ने आशंका होने पर तालाब में जाल डालकर खोजबीन शुरू कर दी। कुछ देर बाद लल्लू का शव जाल में फंस गया। यह देख परिजनों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर शव को बाहर निकाला।
सूचना पुलिस को दी गई। परिजन सूर्योदय के पहले उठकर शौच के लिए जाने के दौरान अंधेरे को तालाब में डूबने की आशंका जाहिर कर रहे हैं। थानाध्यक्ष चंद्रभूषण मौर्य ने बताया कि परिवार वालों ने फिलहाल कोई आरोप नहीं लगाया है। पीएम रिपोर्ट आने पर कार्रवाई की जाएगी।