कोखराज के अंदावा हाइवे के पास डीसीएम पलटने से बकरे और मौजूद पुलिस। संवाद
क्षेत्र के अंदावा हाईवे पर रविवार को बकरों से लदा तेज रफ्तार डीसीएम अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में 15 बकरों की मौत हो गई, जबकि करीब 25 बकरे घायल हो गए। दुर्घटना में चालक समेत तीन लोग भी घायल हुए हैं।
फतेहपुर जिले के हुसैनगंज थाना क्षेत्र के बैरा गरीब गांव निवासी चालक चांद बाबू उर्फ गोलू डीसीएम में करीब ढाई सौ बकरे लादकर जसवंतनगर इटवा से कोलकाता जा रहा था। अंदावा हाईवे के पास अचानक वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर तक यातायात प्रभावित रहा। घटना में चालक को हल्की चोटें आईं, जबकि मजदूर शेख बहादुर (30) और समर बाबू (27) घायल हो गए। सूचना पर शहजादपुर चौकी प्रभारी जनार्दन सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से बकरों को एकत्र कराया और क्रेन बुलाकर डीसीएम हटवाया, जिसके बाद यातायात बहाल हुआ। इंस्पेक्टर चंद्रभूषण मौर्य ने बताया कि हादसे में 15 बकरों की मौत हुई है। घायलों का उपचार कराया जा रहा है।