नगर कोतवाली के सोनारन का पूरा गांव में ईंट से वार कर मां को मौत के घाट उतारने वाले बेटे और घटना को अंजाम देने के लिए उकसाने वाली उसकी पत्नी के खिलाफ मंझनपुर पुलिस ने गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया है। आरोपी पत्नी को पकड़कर पुलिस पूछताछ कर रही है। वहीं, फरार बेटे की तलाश की जा रही है।
सोनारन का पूरा निवासी वसीम ने बताया कि उसकी मां महरुन्निशां से बड़े भाई जाहिद से शनिवार दोपहर पर्दा चोरी को लेकर झगड़ा हो गया। इसके बाद वह चला गया। शाम को मजदूरी कर जाहिद घर लौटा तो पत्नी रूबीना ने उसके कान भर दिए। इससे आग बबूला जाहिद आम की बाग में रखवाली करने के लिए गई मां के पास पहुंचा और झगड़ा किया। इस दौरान जाहिद ने मां के सिर पर ईंट से कई वार किए और भाग निकला।
लहूलुहान हालत में छोटा बेटा वसीम मां को लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचा। जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा और जाहिद की पत्नी रूबीना को पकड़कर पूछताछ शुरू कर दी। इंस्पेक्टर संजय तिवारी ने बताया कि आरोपी दंपती के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। जाहिद की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।