बारा। यातायात जागरूकता के तहत बृहस्पतिवार को बीएम पब्लिक स्कूल बारा में कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इस दौरान छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों की जानकारी दी गई। साथ ही बच्चों को यातायात के कायदों को ग्रामीणों तक पहुंचाने का भी आह्वान हुआ।
सड़क हादसों में कमी लाने के लिए नवंबर माह को पुलिस विभाग यातायात जागरूकता के रूप में मनाता है। इसके तहत रोजाना जागरूकता के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसीक्रम में बृहस्पतिवार को कौशाम्बी कोतवाली पुलिस की ओर से बीएम पब्लिक स्कूल बारा में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। एसओ शिव आसरे ने छात्र-छात्राओं को यातायात के नियम की जानकारी दी। बच्चों को सदैव सड़क की बांयीं ओर से चलने की सीख दी। उन्हें सड़क और रेलवे लाइन पार करने से पहले दोनों तरफ ठीक तरीके से देख लेने की जानकारी दी गई। साथ ही चलते समय मोबाइल पर बात नहीं करने को कहा गया। थानाध्यक्ष ने छात्र-छात्राओं को बताया कि यातायात के जितने भी नियम बनाए गए हैं, वे आम आदमी की सुरक्षा के लिए हैं। इन नियमों का हमेशा पालन करना चाहिए। क्योंकि सड़क सुरक्षा के नियमों की अनदेखी से ही जानलेवा हादसे होते हैं। उन्होंने छात्र-छात्राओं से घर के अन्य सदस्यों के साथ ही गांववालों को भी जागरूक करने, बाइक चलाने वालों को सदैव हेलमेट पहनने की बात समझाने का आह्वान किया। कहाकि छोटी-छोटी बातों को ध्यान में रखकर लोग सुरक्षित सफर कर सकते हैं। इस मौके पर स्कूल के प्रबंधक अजय कुमार श्रीवास्तव, प्रधानाचार्य सुनील कुमार, राहुल सिंह, राकेश कुमार आदि मौजूद रहे।