नेवादा। सरायअकिल कस्बे मेें सर्राफा की दुकान में सेंध काटकर चोर मंगलवार की रात करीब छह लाख रुपये के गहने उठा ले गए। चोरी होने की जानकारी सुबह दुकानदार को हुई। घटना से पूरे बाजार में सनसनी मच गई। सूचना पर सरायअकिल कोतवाली पुलिस भी मौके पर आई। जांच के बाद पुलिस ने दुकानदार की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। एसओ ने बताया कि घटना की छानबीन की जा रही है।
सरायअकिल कस्बे के भगौतीगंज मोहल्ला निवासी अमित कुमार रस्तोगी ने मकान के अगले हिस्से में बने कमरे में ज्वेलरीशाप खोला है। मंगलवार की रात दुकान में सेंध काटकर चोर करीब सात किलोग्राम चांदी के जेवरात और लगभग 100 ग्राम सोने के गहने उठा ले गए। भुक्तभोगी के मुताबिक चोर उसकी दुकान से करीब छह लाख रुपये के गहने ले गए हैं। सुबह जब अमित और उसके परिवार के अन्य सदस्य सोकर उठे, तो दुकान में सेंध लगी देख उनके होश उड़ गए। भीतर जाने पर पूरी दुकान साफ थी। सामान बिखरे पड़े थे। चीख-पुकार पर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। ज्वेलरी शाप में चोरी की घटना से कस्बे के लोग हतप्रभ रह गए। सूचना पर सरायअकिल कोतवाली पुलिस भी आई। मौका मुआयना करने के साथ ही पुलिस ने पीड़ित दुकानदार के साथ ही परिवार के अन्य सदस्यों और पड़ोसियों से भी पूछताछ की। एसओ ने बताया कि दुकानदार की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। घटना की तफ्तीश के साथ ही चोरों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। बता दें कि कौशाम्बी में 15 दिनों से लगातार किसी न किसी हिस्से में चोरी की घटनाएं हो रही हैं। पर, इनमें से एक भी घटना का खुलासा पुलिस नहीं कर सकी है।
सरायअकिल कोतवाली क्षेत्र के अमवा गांव में भी मंगलवार की रात सशस्त्र बदमाशों ने तमंचे की नोक पर एक घर में लूटपाट की। अमवा गांव निवासी संतोष कुमार ने बताया कि रात वह और उसकी पत्नी घर के बरामदे में सोए थे। रात करीब दो बजे सशस्त्र बदमाश आए। बदमाशों ने तमंचा दिखाकर उन्हें बंधक बना लिया। इसके बाद घर में जमकर लूटपाट की। भुक्तभोगी के मुताबिक बदमाश घर से करीब 50 हजार रुपये के गहने, कपड़ों से भरा संदूक आदि उठा ले गए हैं। लूटपाट के बाद बदमाशों के जाने पर भुक्तभोगी ने शोर मचाया। चीख-पुकार पर गांववालों को घटना की जानकारी हुई। भुक्तभोगी ने लूटपाट की तहरीर सरायअकिल पुलिस को दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। बता दें कि सोमवार की रात भी इसी तरह से सशस्त्र बदमाशों ने चरवा के रतगहा गांव में तमंचे की नोक पर घरवालों को बंधक बनाकर लूटपाट की थी। लोगों का मानना है कि इसी गिरोह के सदस्यों ने अमवा में भी घटना को अंजाम दिया है।