मंझनपुर। दहेज की खातिर रोजाना युवतियों पर ससुरालियों का कहर बरप रहा है। मांग नहीं पूरी होने पर उनकी पिटाई कर उन्हें घर से भगा दिया जाता है। करारी कोतवाली क्षेत्र के बैशकांटी गांव में ब्याही युवती को ससुरालियों ने पीटकर भगा दिया। घटना के बाद मायके पहुंची विवाहिता ने आपबीती मायके वालों को बताई। शनिवार को विवाहिता की तहरीर पर करारी कोतवाली पुलिस ने पति समेत नौ ससुरालियों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
कौशाम्बी कोतवाली क्षेत्र के खुंदमीरपुर गांव रहने वाली मंजू देवी पुत्री छोटेलाल ने बताया कि तीन साल पहले उसकी शादी करारी कोतवाली क्षेत्र के बैशकांटी गांव निवासी अनिल कुमार से हुई थी। विवाहिता का कहना है कि शादी के बाद से ही ससुराल के लोग उसे मायके से पांच लाख रुपया लाने के लिए प्रताड़ित किया जाता था। पिटाई के साथ कई बार तो उसे कमरे में बंद कर जान से मारने का भी प्रयास किया गया। इधर, जब तमाम कोशिशों के बाद भी मांग पूरी नहीं हुई, तो सप्ताह भर पहलेे उसकी बेरहमी से पिटाई की गई। पीटने के बाद ससुरालवालों ने उसे घर से निकाल दिया। किसी तरह मायके आई विवाहिता ने ससुरालियों के प्रताड़ना की जानकारी परिजनों को दी। बेटी के साथ हुई ज्यादती की बात सुन परिजनों के होश उड़ गए। शनिवार को पिता के साथ करारी कोतवाली पहुंची विवाहिता ने पुलिस को तहरीर दी। पीड़िता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने पति, सास, ससुर समेत नौ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। एसओ ने बताया कि ससुरालियों के खिलाफ मारपीट और दहेज उत्पीड़न की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।