फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बैंक में दिनदहाड़े डकैती, सवा छह लाख की लूट

Fri, 08 Aug 2014 05:30 AM IST
Kaushambi
विज्ञापन
विज्ञापन
फाफामऊ (इलाहाबाद)। नकाबपोश बदमाशों ने बृहस्पतिवार दोपहर थरवई इलाके में बड़ौदा पूर्वी उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक में डाका डाल दिया। असलहों से लैस पांच बदमाशों ने बैंक में घुसते ही ग्राहकों को तमंचा दिखाकर चुप रहने की धमकी दी। फिर कैशियर तथा मैनेजर से स्ट्रांग रूम खुलवाकर सवा छह लाख रुपये लूट लिए। बैंक के बाहर एक महिला और गुमटी वाले को भी तमंचा सटाकर धमकाया। लूट के बाद दो बाइक पर भाग रहे बदमाशों ने ईंट फेंक रहे ग्राहक की तरफ बम पटका। बैंक में डकैती की खबर पाकर आईजी समेत कई अधिकारी वहां पहुंच गए। रकम लूटकर भागे बदमाशों की धरपकड़ के लिए क्राइम ब्रांच समेत तीन पुलिस टीम बना दी गई। देर रात तक पुलिस टीम छापेमारी कर रही थी।
विज्ञापन

गारापुर गांव में फाफामऊ-सहसों रोड स्थित बड़ौदा पूर्वी उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक में दोपहर पौने तीन बजे का वाकया है। काले रंग की दो पल्सर बाइक पर पांच नकाबपोश बदमाश बैंक पहुंचे। हाथों में तमंचे थामे दो बदमाश बाहर रुके जबकि तीन भीतर घुस गए। बैंक में उस वक्त मैनेजर सतीराम, कैशियर अभिषेक कुमार और असिस्टेंट मैनेजर श्रीप्रकाश श्रीवास्तव के अलावा लगभग एक दर्जन ग्राहक थे। अंदर जाते ही एक बदमाश ने ग्राहकों को तमंचा दिखाकर चुप रहने की धमकी देते हुए एक तरफ बैठने के लिए कहा। दो बदमाश ग्राहकों के पास खड़े बैंक मैनेजर सतीराम को कनपटी पर तमंचा सटाकर कैशियर अभिषेक कुमार के पास ले गए। बदमाशों ने कैशियर के काउंटर से दो लाख तेइस हजार रुपये उठाकर बैग में भर लिए। फिर कैशियर और मैनेजर से स्ट्रांग रूम खुलवाकर वहां से चार लाख रुपये बैग में डाले। मिनटों में छह लाख तेइस हजार रुपये लेकर बदमाश बाहर निकले और दो बाइक पर भाग गए। ग्राहक जगदीश यादव ने पीछे से ईंट उठाकर फेंकी तो बदमाशों ने एक बम पटका। इस पर लोग घबराकर हट गए। बदमाश सहसों की तरफ निकल गए। मैनेजर ने 100 नंबर पर कंट्रोल रूम में बैंक में डकैती की खबर दी तो कुछ देर बाद थरवई समेत कई थानों की पुलिस के साथ सीओ पहुंचे। फिर आईजी जोन, एसएसपी और एसपी क्राइम ने भी बैंक जाकर जानकारी ली। फील्ड यूनिट और खोजी कुत्ते को मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने बैंक मैनेजर, कैशियर तथा ग्राहकों से बदमाशों के बारे में पूछताछ की। उनके बोलचाल का लहजा और कपड़ों के बारे में जाना। देर रात तक लुटेरों का कोई सुराग नहीं मिल सका।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें