फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बम हमले में बच्चा पासी और चार साथी जख्मी

Mon, 09 Jun 2014 05:30 AM IST
Kaushambi
विज्ञापन
विज्ञापन
इलाहाबाद/कौशाम्बी। सुलेमसराय के पार्षद रहे गैंगस्टर बच्चा पासी पर शुक्रवार आधी रात मनौरी रेलवे क्रासिंग के पास गोली और बमों से घातक हमला कर दिया गया। सफारी गाड़ी पर हुए हमले में बच्चा पासी और उसके चार साथी घायल हो गए। बम धमाकों और गोलियों की तड़तड़ाहट से इलाका दहल गया। फॉरच्यूनर गाड़ी में हमलावरों के भागने के कुछ देर बाद पूरामुफ्ती थाने की पुलिस वहां पहुंची। स्थानीय चिकित्सालय में इलाज के बाद बच्चा और उसके चार साथियों को शहर लाकर एक निजी हॉस्पिटल में भर्ती किया गया। उनमें तीन लोग बेहद गंभीर रूप से घायल हैं। बच्चा पासी ने सपा विधायक विजमा यादव के भाई रामलोचन समेत आधा दर्जन अपराधियों के खिलाफ मुकदमा लिखाया है। पुलिस वारदात की जांच कर रही है।
विज्ञापन

शहर में सुलेमसराय इलाके के रम्मन का पूरा निवासी निहाल कुमार उर्फ बच्चा पासी के खिलाफ लूट, हत्या, छिनैती और गैंगस्टर के कई मुकदमे दर्ज हैं। मुंबई में भी उसके खिलाफ छोटा राजन गिरोह के लिए सुपारी लेकर वारदात अंजाम देने का केस चल रहा है। मुंबई पुलिस ने उसे तीन साथियों समेत गिरफ्तार भी किया था। वह वार्ड नंबर एक सुलेमसराय का पार्षद भी रहा है। मौजूदा समय उसकी पत्नी रजिता पार्षद है। शुक्रवार देर रात बच्चा पासी अपने साथियों संग कौशाम्बी के मनौरी बाजार में वकील पंकज केशरी की शादी में शामिल होने जा रहा था। वे दो सफारी गाड़ियों में थे।
रात करीब 12.30 बजे दोनों गाड़ियां मनौरी रेलवे क्रासिंग के पास पहुंची तो बैरियर बंद था। अचानक तभी आगे चल रही सफारी को घेरकर बमों से हमला कर दिया। कई फायर भी किए। सफारी में बैठे लोग बम हमले में गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद जान बचाने के लिए किसी तरह गाड़ी से कूदकर भागे। जबरदस्त बमबाजी और फायरिंग से इलाके में खलबली मच गई। आसपास के लोगों के जुटने पर हमलावर गाड़ियों से भाग गए। खबर पाकर पूरामुफ्ती थानाध्यक्ष रामेंद्र तिवारी पुलिस बल के साथ आ गए। हमले में बच्चा पासी (32), राजेश निषाद उर्फ मिथुन (35), अमरनाथ (40), पंकज यादव (35) और अल्लापुर का गुड्डू (28) घायल हो गया। पहले यह जानकारी मिली कि बच्चा पीछे वाली सफारी में था। हमले के बाद बाहर निकलने पर उसे छर्रे लगे। मगर बच्चा ने कहा कि वह उसी सफारी में था जिसे घेरकर हमला किया गया। साथियों के बीच बैठने की वजह से उसकी पीठ पर ही कुछ छर्रे धंसे हैं। बम हमले में मिथुन निषाद का बायां हाथ उड़ गया। गुड्डू के चेहरे पर कई छर्रे धंसे हैं। पुलिस घायल बच्चा पासी और उसके साथियों को स्थानीय चिकित्सालय ले गई, जहां से उन्हें एसआरएन अस्पताल भेज दिया गया। अब उनका इलाज शहर के एक निजी हॉस्पिटल में हो रहा है। थानाध्यक्ष रामेंद्र तिवारी ने बताया कि बच्चा की अर्जी पर सपा विधायक विजमा यादव के भाई रामलोचन यादव, मुन्ना टाइगर, गदऊ, अपराधी हरिश्चंद्र पासी और दो अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट लिखी गई है। बच्चा का आरोप है कि रामलोचन भी हमले के वक्त मौजूद था।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें