मंझनपुर (ब्यूरो)। खेत में जानवर जाने का उलाहना देने को लेकर धुमाई गांव की एक महिला उसकी बेटी समेत चार लोगों को पड़ोसी ने पीटकर घायल कर दिया। घटना में पुलिस ने चार युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सैनी कोतवाली क्षेत्र के धुमाई गांव निवासी लज्जाराम ने बताया कि के खेत में मंगलवार की सुबह पड़ोसी के जानवर उसकी फसल चर रहे थे। उसका कहना है कि जानवरों को खेत से भगाने के बाद वह उलाहना देने पड़ोसी के घर गया था। बताया कि इससे भन्नाए पड़ोसी, उसके परिवार के लोगों ने उस पर हमला कर दिया। लाठी-डंडे और लोहे की छड़ से पीटकर उसे घायल कर दिया। चीख पुकार पर बीच बचाव करने दौड़ी पत्नी अनारकली (42), बेटी अनुराधा (15) और भतीजे इंद्रजीत (22) निवासी बहरामपुर फतेहपुर को भी पीटकर लहूलुहान कर दिया। ग्रामीणों के आने पर हमलावर धमकी देते हुए भाग निकले। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। भुक्तभोगी की तहरीर पर पुलिस ने गांव के ही चार लोगों के खिलाफ मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। एसओ ने बताया कि हमलावरों की तलाश में दबिश भी दी गई थी, लेकिन सभी आरोपी घर से फरार थे। उधर, घटना से दोनों परिवारों में तनातनी बनी हुई है।