मंझनपुर (ब्यूरो)। सदर ब्लाक के कादिराबाद गांव के एक व्यक्ति के खेत में तैयार फसल दबंग काटकर उठा ले गए। विरोध करने पर महिला की पिटाई भी की गई। स्थानीय पुलिस के सुनवाई नहीं किए जाने पर परिवार के सदस्यों ने बुधवार को डीएम-एसपी से शिकायत की। जिलाधिकारी ने एसडीएम और एसओ को जांच और कार्रवाई का निर्देश दिया है।
मंझनपुर ब्लाक के कादिराबाद गांव निवासी सुदामा देवी का कहना है कि उसका पड़ोस के ही एक व्यक्ति से जमीन विवाद है। बताया कि उसने अपने खेत में गेहूं की बुआई की थी। फसलकर पककर तैयार होने पर हफ्तेभर पहले पड़ोसी उसकी सारी फसलकर काटकर उठा ले गया। विरोध करने पर पड़ोसी और उसके घरवालों ने उसकी पिटाई की। चीख-पुकार पर गांववालों के आने पर हमलावर धमकियां देते हुए भाग निकले। भुक्तभोगी ने बताया कि उसने घटना की शिकायत मंझनपुर कोतवाली में की। आरोप है कि नामजद शिकायत करने के बाद भी पुलिस ने सुनवाई नहीं की। बुधवार को पीड़ित परिवार ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से शिकायत की।