मंझनपुर। पंप हाउस की केबल फुंकने के कारण छेकवा गांव मेें पेयजल संकट गहरा गया है। लोगों को पीने के पानी के लिए भटकना पड़ रहा है। शनिवार को लोगों ने जिलाधिकारी को समस्या से अवगत कराया। इन्होंने एक्सईएन विद्युत को पंप में बिजली आपूर्ति बहाल करने का निर्देश दिया है।
कौशाम्बी ब्लाक क्षेत्र के छेकवा गांव के लोगों की पेयजल समस्या के समाधान के लिए टंकी बनाई गई है। घरों में पानी सप्लाई के लिए पंप और पाइपलाइन भी बिछवाई गई थी। गांव के रहने वाले अशोक कुमार, दिलीप कुमार, बालेश्वर प्रसाद, नमोनारायण, अमित कुमार, रमेश कुमार, सुनील कुमार, घनश्याम तिवारी, विकास सिंह, राम प्रसाद निषाद, अतुल कुमार, शीतल प्रसाद, सुंदरलाल, ओमप्रकाश, मनोज कुमार, अखिल सिंह, अनुज यादव आदि का कहना है कि ट्रांसफार्मर से वाटर पंप के कनेक्शन की केबल तकरीबन दो महीने से फुंकी है। इससे पंप की बिजली सप्लाई बंद हैं। पंप नहीं चलने के पेयजलापूर्ति ठप है। लोग गांव के बाहर के नलकूपों से पानी लाने को मजबूर हैं। बताया जा रहा है कि उपखंडीय अधिकारी, अवर अभियंता, अधिशासी अभियंता को दिक्कतों से कई बार अवगत कराया गया, लेकिन समस्या का समाधान नहीं कराया जा रहा है। शनिवार को जिलाधिकारी ने एक्सईएन को केबल लगवाकर आपूर्ति बहाल कराने का निर्देश दिया है। चेताया है कि आदेश की अवहेलना करने पर कार्रवाई की जाएगी।