मंझनपुर। बकाये पेंशन का भुगतान नहीं होने समेत अन्य समस्याओं को लेकर रिटायर्ड अध्यापकों ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। इन्होंने अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को 12 सूत्री ज्ञापन दिया। समस्याओं के समाधान की मांग की। चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर अध्यापक धरना-प्रदर्शन को मजबूर होंगे।
सेवानिवृत्त प्राथमिक शिक्षक कल्याण परिषद के बैनर तले रिटायर्ड अध्यापकों ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। दिसंबर 2012 से पूर्व की पेंशन भुगतान नहीं होने से गुस्से में हैं। अध्यापकों का कहना है कि 23 अगस्त 2013 को शासनादेश हुआ था कि बकाया पेंशन का अतिशीघ्र भुगतान किया जाए। इसके बाद भी अध्यापकों को बकाया पेंशन नहीं दी जा रही है। रिटायर्ड शिक्षकों ने अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को ज्ञापन देकर बकाया पेंशन का भुगतान कराने, राज्य कर्मचारियों की भांति शिक्षकों की न्यूनतम पेंशन 35 सौ रुपये किए जाने, सिविल पेंशनरों और बेसिक शिक्षा पेंशनरों के लिए एक ही शासनादेश जारी किए जाने, मुफ्त चिकित्सकीय सुविधा दिए जाने आदि की मांग की गई है। इस मौके पर संगठन के जिलाध्यक्ष घनश्याम द्विवेदी, जयसिंह, सुंदरलाल सिंह, अवधेश नारायण मिश्र, राम आसरे दिवाकर, अवध नारायण पांडेय, भीमसिंह, अनिरूद्ध सिंह, रामसूरत पांडेय, हुबदार, शिवजीत तिवारी, राजाराम पाल आदि मौजूद रहे।