मंझनपुर। दिल्ली-हावड़ा रेलमार्ग पर बुधवार को सिराथू-मनौरी स्टेशन के बीच तीन लाशें मिली थी। ये शव दो युवती और एक युवक के थे। आठ किमी के भीतर मिली तीनों लाशों का राजफाश 24 घंटे बीतने के बाद भी नहीं हो सका। स्थानीय पुलिस ट्रेन से गिरकर मौत होने की बात कह रही है, जबकि स्थानीय लोगों में तमाम चर्चाएं हैं। लोग हत्या कर लाशों को ठिकाने लगाए जाना मान रहे हैं। एसओ का कहना है कि शवों की शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है। पहचान होने के बाद ही सच्चाई का पता चलेगा।
बुधवार को सिराथू क्षेत्र की सयारा क्रासिंग के पास करीब 25 वर्षीय युवक की लाश मिली थी। पुलिस अभी इसकी शिनाख्त कराने में ही परेशान थी। इसी बीच कोखराज थाना क्षेत्र के नौढिया गांव के समीप रेलवे लाइन के किनारे 25-26 वर्षीय विवाहिता और रोही क्रासिंग के निकट करीब 35-40 वर्षीय एक महिला के लाश मिलने से सनसनी मच गई। दोनों युवतियों के शव की भी घंटों मशक्कत के बाद पुलिस शिनाख्त नहीं करा सकी है। फौरी तौर पर पुलिस ट्रेन से गिरकर मौत होना बताकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर चुप्पी साध ली है। जबकि रेलवे लाइन के किनारे आठ किमी के भीतर कुछ ही घंटे के अंतराल में दो युवती और एक युवक की लाश मिलने से लोगों मेें तमाम तरह की चर्चाएं हैं। लोग हत्या कर शव रेलवे लाइन के किनारे फेंके जाने की आशंका जता रहे हैं। उनका तर्क है कि यदि युवक-युवती ट्रेन से गिरे होते, तो साथ रहे परिजन चेन पुलिंग कर रेलगाड़ी रोकते। यही नहीं उनके घरवाले तलाश करते हुए अब तक यहां आ गए होते। मामले में एसओ कोखराज श्रीप्रकाश यादव का कहना है कि शवों की शिनाख्त कराने की कोशिश की जा रही है। पहचान होने के बाद ही घटना की असलियत सामने आएगी।