चायल। कोखराज थाना क्षेत्र के सरवा-बरवा गांव के समीप मंगलवार की रात घात लगाकर बैठे बाइक सवार बदमाशों ने दूध कारोबारी को लूट लिया। नगदी और मोबाइल लूटने का विरोध करने पर बदमाशों ने तमंचे की बट से प्रहार करके उसे घायल भी कर दिया। भुक्तभोगी ने घटना की तहरीर इलाकाई पुलिस को दे दी है।
कोखराज थाना क्षेत्र के हसद उल्लागंज निवासी राजू दूध का कोराबारी है। मंगलवार को वह दूध लेकर इलाहाबाद गया था। रात में वापस लौटते समय जैसे ही वह सरवा-बरवा गांव के समीप पहुंचा, पहले से घात लगाकर बैठे युवकों ने उसे रोक लिया। तमंचा दिखाकर बदमाशों ने उसकी जेब से एक हजार रुपये और मोबाइल ले लिया। लूटपाट का विरोध करने पर बदमाशों ने तमंचे की बट से प्रहार करके उसे घायल कर दिया। हमले से वह बेहोश हो गया। उधर, देर रात तक राजू के घर नहीं पहुंचने से घरवालों के होश उड़ गए। घबराए परिजन उसकी खोजबीन में निकले, तो वह सरवा-बरवा गांव के समीप सड़क किनारे बेहोश मिला। परिजन उसे उठाकर घर ले गए। होश आने पर उसने लूट की घटना परिजनों को बताई। सुबह थाने आकर उसने पुलिस को तहरीर भी दी है।