मंझनपुर/सरायअकिल/पश्चिमशरीरा (कौशाम्बी)। अवैध बालू खनन के खिलाफ इन दिनों अफसर कार्रवाई में जुटे हैं। बृहस्पतिवार को एडीएम ने मंझनपुर और चायल क्षेत्र के कई यमुना घाटों पर छापा मारा। इस दौरान बिना रवन्ना और पट्टे के घाट पर बालू से भरे चार ट्रकों को सीज किया।
रोक के बाद भी कौशाम्बी के यमुना घाटों पर बालू का अवैध खनन जारी है। मंझनपुर तहसील क्षेत्र के महेवा, मवई, डेढ़ावल, शाहपुर, कटरी, पभोषा, निगहा, सिंघवल, गढ़वा, भंखदा और चायल तहसील क्षेत्र के नंदा का पुरवा, मल्हीपुर, उमरवल, तिल्हापुर, शेरगढ़ आदि घाटों पर जेसीबी और पोकलैंड से बालू का खनन किया जा रहा है। बिना पट्टे और रवन्ने के नदी से हजारों टन बालू रोजाना निकालकर बेची जा रही है। आरोप है कि खनिज विभाग और पुलिस की मिलीभगत से धड़ल्ले से खनन किया जा रहा है। बृहस्पतिवार सुबह एडीएम भीष्मलाल वर्मा दलबल के साथ डेढ़ावल, पभोषा, शाहपुर, महेवा, निगहा, सिंघवल, गढ़वा, औधन, नंदा का पुरवा, उमरवल, रसूलपुर ब्यूर, तिल्हापुर आदि घाटों पर छापा मारा। इस दौरान औधन घाट पर तीन और डेढ़ावल घाट पर बालू से भरा एक ट्रक मिला। इन चारों ट्रकों को एडीएम ने सीज कर दिया। एडीएम ने बताया कि कौशाम्बी के घाटों पर बिना पट्टे के खनन के अलावा यमुना पार के घाटों से भी नाव से बालू लाकर डंप करके उसे बेचा जा रहा है। इसकी भी जांच करके कार्रवाई की जाएगी। वहीं एडीएम के बाद जिलाधिकारी डॉ. सरोज कुमार और पुलिस अधीक्षक अनिलदास ने भी बृहस्पतिवार को मंझनपुर के रामनगर, जमुनापुर, महेवाघाट, डेढ़ावल आदि यमुना घाटों पर बालू खनन की जांच की। डीएम ने बालू माफिया को अवैध खनन बंद करने की चेतावनी दी है। डीएम और एसपी की दबिश की सूचना पर यमुना घाटों पर बगैर परमिशन के डंप बालू को माफिया ने जेसीबी से घाट में फेंककर समतल करा दिया।