मंझनपुर। पड़ोस की महिला का इलाज कराकर साइकिल से घर जा रहे युवक को बाइक सवार ने टक्कर मार दी। करारी के समीप हुई दुर्घटना में साइकिल सवार युवक, महिला और बाइक चालक को चोटें आई हैं। तीनों को जिला अस्पताल में भरती कराया गया है। इसमें एक युवक की हालत नाजुक बनी हुई है।
करारी थाना क्षेत्र के हकीमपुर गांव निवासी राधू की पत्नी फुल्लर देवी की तबीयत खराब थी। बुधवार को वह पड़ोसी युवक धारा सिंह (23) के साथ साइकिल से अस्पताल दवा के लिए आई थी। लौटते समय जैसे ही दोनों करारी कस्बे के समीप पहुंचे। सामने से आ रहे बाइक सवार ने टक्कर मार दी। इससे साइकिल चला रहे धारा सिंह, फुल्लर देवी (50) के साथ बाइक सवार कमलेश कुमार (20) निवासी मुलायमपुर सरायअकिल को चोटें आई हैं। दुर्घटना देख दौड़े आसपास के लोगों ने तीनों को जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां भरती धारा सिंह की हालत गंभीर बनी हुई है।