चायल (कौशाम्बी)। पुरामुफ्ती के महगांव के समीप ट्रक की चपेट में आने से एक वृद्ध की मौत हो गई। घटना मंगलवार दोपहर की है। वह साइकिल से किसी काम से महगांव जा रहा था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुरामुफ्ती थाना क्षेत्र के परऊ मियां का पुरा गांव निवासी शौकत अली (60) मंगलवार को साइकिल से महगांव जा रहा था। महगांव के निकट ही सामने से आ रहे ट्रक की चपेट में आने से वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। दुर्घटना हुई देख जब तक आसपास के लोग दौड़ते, ट्रक चालक वाहन समेत भाग निकला। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घरवालों को हादसे की जानकारी दी। साथ ही जख्मी वृद्ध को अस्पताल भेजा। हालांकि रास्ते में ही उसकी सांसें थम गई। पुलिस ने लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत से घर-परिवार में कोहराम मचा हुआ है।