हर्रायपुर(कौशाम्बी)। पुरामुफ्ती के मोहिउद्दीनपुर कछार गांव में ट्रक की टक्कर से साइकिल सवार के घायल होने पर मंगलवार सुबह दो पक्ष आमने-सामने हो गए। घायल युवक को ही पीटे जाने की खबर से तमतमाए लोगों ने हमलावरों के घर यहां धावा बोल दिया। कहासुनी के साथ हवा में गोलियां भी दागी गईं। पुलिस को आते देख दोनों पक्ष भाग गए। पुलिस ने जख्मी युवक को नजदीकी अस्पताल में भरती करा दिया है।
मोहीउद्दीनपुर गांव निवासी संतोष कुमार मंगलवार सुबह साइकिल से बाजार के लिए निकला था। इस दौरान गांव के ही समीप डीसीएम (मिनी ट्रक) से उसे टक्कर लग गई। इससे संतोष घायल हो गया। गांव के ही ट्रक से लगी टक्कर पर संतोष ने गुस्सा जताया। बताया जाता है कि चालक और खलासी ने उसकी पिटाई कर दी। लोहे की छड़ से किए गए प्रहार से संतोष लहूलुहान हो गया। चीख-पुकार पर उसके पक्ष के लोगों को आते देख हमलावर भाग गए। युवक को जख्मी देख घर और गांववालों का गुस्सा फूट पड़ा। तमतमाए लोग लाठी-डंडे के साथ हमलावरों के घर धावा बोल दिया। बताया जाता है कि दूसरे पक्ष ने घर की छत से हवाई फायरिंग कर दी। इससे गांव में सनसनी फैल गई। लोग दुकान और घरों को बंद करके भागने लगे। अनहोनी की आशंका पर किसी ने मामले से पुलिस को अवगत करा दिया। त्योहार के दिन दो गुटों के आमने-सामने होने और हवाई फायरिंग की खबर लगते ही मौके पर पुरामुफ्ती पुलिस पहुंची। हालांकि पुलिस को आते देख दोनों पक्ष भाग गए। थानाध्यक्ष का कहना है कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है। घटना की जांच की जा रही है।