बैडमिंटन खेलते खिलाड़ी। फाइल फोटो
राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन 10 व 11 अप्रैल को होगा। प्रतियोगिता की मेजबानी जवाहर नवोदय विद्यालय टेवां कर रहा है। यह मुकाबले जिला स्टेडियम में खेले जाएंगे। दो दिवसीय इस प्रतियोगिता में प्रदेश के साथ उत्तराखंड के चयनित खिलाड़ी भी प्रतिभाग करेंगे।
पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय के प्राचार्य विनोद कुमार त्रिपाठी ने बताया कि प्रतियोगिता में लखनऊ, हरिद्वार, वाराणसी व आगरा के दो-दो क्लस्टर की टीमें हिस्सा लेंगी। एक क्लस्टर में 12 विद्यालय शामिल होते हैं। ऐसे में प्रत्येक क्लस्टर से चार-चार खिलाड़ी (दो बालक व दो बालिका) इसमें हिस्सा लेंगे।
कुल 96 खिलाड़ी 48 बालक और 48 बालिकाएं प्रतियोगिता में अपने खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे। खिलाड़ियों के साथ प्रत्येक टीम से कम से कम दो शिक्षक भी आएंगे, जो प्रतियोगिता के संचालन में सहयोग करेंगे। सभी प्रतिभागी दो दिनों तक जनपद में ही ठहरेंगे। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए होगा।