मंझनपुर। जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में चार दिन पहले सैनिकों पर हमले को लेकर आक्रोश थम नहीं रहा है। जिलेभर में शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि देने के लिए कैंडल मार्च निकाला जा रहा है। इसके अलावा आतंकवाद के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन व रैलियों का सिलसिला भी जारी है। पाक प्रधानमंत्री व आतंकवाद का पुतला फूंककर लोग गुस्सा जता रहे हैं। हर इंसान का यही कहना है कि सैनिकों के खून का बदला लिया जाए।
कौशाम्बी ब्लॉक के कायमपुर गोपाल मिश्र का पूरा के ग्रामीणों ने शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए कैंडल मार्च निकाला। इसके बाद पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान का पुतला फूंका। अंत में दो मिनट का मौन रखकर शहीदों की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। इस मौके पर विनय कुमार पांडेय, शानंद पांडेय, अभिषेक पांडेय, स्वास्तिक द्विवेदी, शशि पांडेय आदि मौजूद रहे। दारुल उलूम इमाम अहमद रजा मंझनपुर द्वारा रैली निकाली गई। इस दौरान संस्था के प्रबंधक मुफ्ती मोहम्मद याकूब दानिशुलकादरी ने कहा कि देश की सीमा पर रक्षा करने वाले जवानों का खून बहाने वाले आतंकी जिंदा नहीं रहने चाहिए। सरकार आतंकियों का सफाया करे। रैली में संस्था के सदस्य व स्थानीय लोग शामिल रहे। धर्मा देवी कॉन्वेंट स्कूल केन के बच्चों ने शहीदों की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा। वहीं मंझनपुर के मुस्लिम समुदाय ने भी श्रद्धांजलि दी। लोगों ने आतंकवाद के खिलाफ नारे लगाए। लोगों ने केंद्र की सरकार से शहीदों के खून का बदला लेने की मांग की। इस मौके पर मौलाना इकबाल, मौलाना याकूब, फिरोज, नगर अध्यक्ष महताब आलम, पूर्व चेयरमैन नजीर अहमद, मो यासीन, मो शफीक, मो शकील, फूलबाबू, दानिश आदि मौजूद रहे।