पिपरी कोतवाली के फरीदपुर गांव में गुरुवार की रात छत के रास्ते घर में घुसे चोर एक किसान की गृहस्थी खंगाल ले गए। सुबह जानकारी होने पर पीड़ित ने गांव के ही दो युवकों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस घटना की छानबीन कर रही है।
फरीदपुर गांव निवासी सोहनलाल किसान हैं। मवेशियों की देख रेख के कारण वह रात में गांव के बाहर बने घर में रहते हैं। बुधवार रात खाना खाने के बाद सोहनलाल परिवार के साथ गांव के बाहर वाले घर में सोने चले गए। आधी रात को सभी गहरी नंीद में थे तभी नीम के पेड़ से छत के रास्ते घर में घुसे चोरों ने अंदर बक्से में रखी दस हजार नगदी, जेवर समेत करीब दो लाख रुपये की गृहस्थी पार कर दी।
सुबह उनकी पत्नी आशा देवी घर पहुंचीं तो अंदर बिखरा हुआ समान देख उसके होश उड़ गए। चीखने चिल्लाने पर पड़ोसी इकट्ठा हो गए। पीड़ित ने गांव के ही दो युवकों के खिलाफ थाने में तहरीर दी। इंस्पेक्टर राम आसरे सरोज ने बताया कि चोरी की नामजद तहरीर मिली है। जांच कर कार्यवाही की जाएगी।