खिली धूप, लौटी रौनक
सड़कों पर दिखी चहल-पहल, बाजारों में उमड़ी भीड़
दिन भर धूप का आनंद लेते रहे लोग
फोटो नं-10,
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। शनिवार सुबह भी रोज की भांति कोहरा छाया रहा। लेकिन दस बजते ही जैसे ही भगवान भाष्कर ने आंखें तरेरी तो ठंड से कांप रहे लोगों ने राहत महसूस की। दोपहर की तल्ख धूप में भी लोगों बदन सेंकने में आनन्द आया। दूसरी ओर बाजारों व सड़कों का सन्नाटा दूर हुआ और लोग कामकाज पर निकले।
कड़ाके की ठंड और कोहरे के चादर से सप्ताह भर से ढके दोआबा के बाशिंदों ने शनिवार को राहत की सांस ली। रोज की तरह शनिवार सुबह भी जनपद कोहरे की चादर ओढ़े नजर आया। लगभग साढ़े दस बजे अचानक भगवान भाष्कर ने आंखें तरेरी तो धूप की किरणें धरती पर पड़ी तो लोगों के चेहरे खिल उठे। खिली धूप की गर्मी मिलनी शुरू होते ही ग्रामीण अपने अपनी छतों पर बैठकर बदन सेंकते नजर आए। इतना ही नहीं जरूरत के सामान की खरीददारी के लिए लोगों ने बाजार की ओर रुख किया तो सड़कों का सन्नाटा छूटा। शाम पांच बजे के बाद धूप का असर खत्म हुआ तो फिर लोग घरों में अलाव का सहारा लेते व रजाई में दुबकते नजर आए। बहरहाल सप्ताह भर बाद अच्छी बिक्री होने पर दुकानदारों ने भी राहत की सांस ली। दूसरी ओर ठंड से बेहाल पशु पक्षियों ने भी राहत की सांस ली।