आधी रात तक बगैर नहीं रहेगी बिजली
नए रोस्टर ने बढ़ाई उपभोक्ताओं की परेशानी, बुधवार शाम से विभाग ने किया लागू
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर ।
ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ताओं को अब आधी रात तक बगैर बिजली के ही गुजारा करना होगा। ऐसा रोस्टर बिजली विभाग ने बुधवार शाम से लागू कर दिया है। नवरात्र पूजा के ऐन वक्त पर बदले गए रोस्टर से जहां अधिकतर पूजा पंडालों में अंधेरा छाया रहता है तो वहीं उपभोक्ताओं को उमस भरी गर्मी में आधी रात तक बिजली आने का इंतजार करना पड़ता है।
चायल डिवीजन के उपभोक्ताओं को बुधवार शाम से विद्युत समस्या से जूझना पड़ रहा है। विभाग द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों को बिजली मुहैया कराने का रोस्टर बदल दिया गया है। इसके मुताबिक अब डिवीजन के ग्रामीण क्षेत्रों को रात्रि साढ़े ग्यारह बजे से सुबह सवा आठ बजे तक बिजली दी जाएगी। दिन में दोपहर एक बजे से शाम आठ बजे तक बिजली मिलेगी। नए रोस्टर को विभाग ने बुधवार शाम से लागू कर दिया है। नया रोस्टर लागू होते ही डिवीजन से जुड़े गांवों के उपभोक्ताओं को उमस भरी गर्मी में आधी रात तक जागना पड़ रहा है। उधर, दूसरी ओर गांवों में बनाए गए पूजा पंडालों में स्थापित की गई दुर्गा प्रतिमाओं का जागरण कार्यक्रम प्रभावित हो रहा है। भक्ति पर्व के ऐन वक्त पर रोस्टर बदले जाने से इलाकाई उपभोक्ताओं में नाराजगी है। मामले में एक्सईएन मेघ सिंह से पूछा गया तो उन्होंने जानकारी होने से इनकार करते हुए एसडीओ से पूछने की बात कही। बहरहाल कुछ भी हो नए रोस्टर से इलाके के उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ गई है।
म्योहर ग्राम प्रधान के वित्तीय अधिकार बहाल
मंझनपुर (ब्यूरो)। विकास खंड कौशांबी के म्योहर ग्राम प्रधान के वित्तीय अधिकार गुरुवार सुबह डीपीआरओ ने बहाल कर दिया। बहाली का आदेश होते ही प्रधान समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई।
म्योहर ग्राम प्रधान रामजस पर दो अलग-अलग नामों से चुनाव लड़ने का आरोप लगाया गया था। जांच में इसकी पुष्टि होने के बाद डीपीआरओ ने ग्राम प्रधान को निलंबित करते हुए खाता सीज कर दिया था। कार्रवाई के विरुद्ध ग्राम प्रधान ने न्यायालय की शरण ली तो उनको स्टे मिल गया। न्यायालय का आदेश मिलने के बाद डीएम मनीष कुमार वर्मा के निर्देश पर डीपीआरओ ने गुरुवार सुबह प्रधान के साथ ही उनके अधिकारों को भी पूर्व की भांति बहाल कर दिया। बहाली का आदेश मिलते ही प्रधान समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई।